
कार छोड़ बाइक से पहुंचे CMO: आयुष्मान केंद्र में डॉक्टर गायब, एक दिन का वेतन काटा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। जहां मोहल्ला डबरिया स्थित आयुष्मान आरोग्य केंद्र में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉक्टर किशोर कुमार आहूजा खुद अचानक औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। अस्पताल की तंग गलियां होने के कारण CMO ने अपनी सरकारी कार को मोदीनगर रोड पर ही छोड़ दिया और बाइक से आरोग्य केंद्र तक पहुंचे।
जब CMO केंद्र में पहुंचे, तो वहां तैनात डॉक्टर गायब मिले। पूछने पर मौजूद स्टाफ ने बताया कि डॉक्टर छुट्टी पर हैं, लेकिन जब उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, तो कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। डॉक्टर की इस गैरहाजिरी पर कड़ी कार्रवाई करते हुए CMO ने उनका एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दे दिए हैं।
तकरीबन दो घंटे चले इस औचक निरीक्षण के दौरान CMO डॉक्टर आहूजा ने आरोग्य केंद्र में साफ-सफाई, मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं और शौचालयों की स्थिति को भी बारीकी से परखा। इस अचानक हुई छापेमारी से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप का माहौल है।
Gopal Ji Jewellers, Wholesaler of High Class Gold, Silver & Diamond Ornaments: 9758449179





















