
नलकूपों से मोटर-स्टार्टर व बैटरी चोरी, किसानों में रोष
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव आयादनगर के जंगल में रविवार रात चोरों ने एक बार फिर किसानों के नलकूपों को निशाना बनाते हुए मोटर, स्टार्टर, केबल, इन्वर्टर और बैटरी समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों में भारी आक्रोश है और उन्होंने पुलिस गश्त पर भी सवाल उठाए हैं।
सोमवार सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे तो नलकूपों के ताले टूटे मिले और सामान गायब था। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में किसान मौके पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए डायल-112 पर सूचना दी।
जानकारी के अनुसार किसान गौरव चौधरी, संदीप चौधरी, योगेंद्र सिंह, साजिद, तरीकत, उमेद, जमील, हस्सन, इसफाख अली, मुशी, शाह मोहम्मद और गफ्फार के नलकूपों से मोटर, इन्वर्टर व बैटरी चोरी कर ली गई। इसके अलावा जमशेद का स्टार्टर, भरत यादव का केबल व स्टार्टर, गजपाल का स्टार्टर व केबल तथा नेत्रपाल सिंह पुत्र तेजपाल के नलकूप से स्टार्टर और केबल चोरी होने की सूचना है।
किसान हर्ष कुमार ने बताया कि चोर नलकूपों की पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुसे और सामान निकालकर फरार हो गए। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद प्रभावी रात्रि गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। पीड़ित किसानों ने पुलिस प्रशासन से जंगल क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी कर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559





















