
हापुड़: प्रबंधन और कार्यवाहक प्रधानाचार्या में तकरार, DIOS ने रद्द किया निलंबन फिर भी नहीं मिला चार्ज!
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़ स्थित फ्रीगंज रोड के भवानी बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रबंधन तंत्र और कार्यवाहक प्रधानाचार्या के बीच जारी विवाद अब और गहराता जा रहा है। DIOS (जिला विद्यालय निरीक्षक) द्वारा कार्यवाहक प्रधानाचार्या के निलंबन आदेश को निरस्त किए जाने के बावजूद, उन्हें अब तक चार्ज नहीं सौंपा गया है।”
“प्राप्त जानकारी के मुताबिक, स्कूल में आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति समेत कई अन्य मुद्दों को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा है। प्रबंधक प्रियंका कौशिक ने कार्यवाहक प्रधानाचार्या उपासना राज को निलंबित कर दिया था, जिसके बाद मामला पुलिस तक भी पहुंच गया। अब जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. श्वेता पूठिया ने इस निलंबन कार्रवाई को नियम विरुद्ध बताते हुए रद्द कर दिया है और कर्मचारियों के वेतन बिल तैयार करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, इसके बाद भी प्रधानाचार्या को प्रभार नहीं मिला है। इस पूरे मामले को लेकर शुक्रवार को आउटसोर्स कर्मचारियों ने DIOS कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन भी किया।
कार्यवाहक प्रधानाचार्या उपासना राज का कहना है कि निलंबन निरस्त होने और पुलिस में शिकायत के बावजूद प्रबंधक द्वारा उनका मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है और उन्हें चार्ज नहीं दिया जा रहा। वहीं, स्कूल प्रबंधक प्रियंका कौशिक का कहना है कि निलंबन का फैसला पूरी कमेटी का था। इस मामले में अपील दाखिल कर दी गई है, इसीलिए अभी चार्ज नहीं दिया गया है। DIOS डॉ. श्वेता पूठिया ने स्पष्ट किया है कि निलंबन आदेश गलत तरीके से जारी किया गया था जिसे निरस्त कर दिया गया है।
“फिलहाल, दोनों पक्षों के अपने-अपने दावों और अपीलों के बीच स्कूल में शिक्षण कार्य और प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में क्या अगला कदम उठाता है।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264





















