
गंगा एक्सप्रेसवे औद्योगिक गलियारा: दूसरे चरण के लिए 403 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहण की तैयारी तेज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे बनने वाले औद्योगिक गलियारे (इंडस्ट्रियल कॉरिडोर) के काम ने अब जोर पकड़ लिया है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने दूसरे चरण के तहत गढ़ तहसील क्षेत्र में करीब 403 हेक्टेयर जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी है।
इस दूसरे चरण में मुख्य रूप से ढोलपुर, जखैड़ा और भैना गांव की जमीन शामिल की जाएगी। इससे पहले प्रथम चरण में जखैड़ा, भैना, चुचावली और बहापुर ठहरा जैसे गांवों की 47.57 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण पूरा किया जा चुका है।
इस गलियारे में औद्योगिक इकाइयां (इंडस्ट्रीज) स्थापित होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के बड़े अवसर मिलेंगे। इसके अलावा परिवहन, लॉजिस्टिक्स, निर्माण, होटल, और स्थानीय व्यापार को भी बड़ा आर्थिक आधार मिलेगा।
शासन के निर्देशानुसार यूपीडा द्वारा पहले चरण का भूमि अधिग्रहण कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। दूसरे चरण का कार्य जल्द शुरू होगा, जिससे क्षेत्र में निवेश, विकास और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
एक्सप्रेसवे की बेहतर कनेक्टिविटी से न केवल आसपास के गांवों को लाभ मिलेगा, बल्कि गढ़ क्षेत्र पूरे प्रदेश में एक नए औद्योगिक केंद्र (Industrial Hub) के रूप में उभरेगा।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग की पीड़ित महिलाएं अब रविवार को भी डॉ. रुचिका गुप्ता से ले सकेंगी परामर्श: 8979824365





















