
मिनी हरिद्वार में घटिया निर्माण की पोल खुली, EO की चेतावनी—’सुधार करो वरना रुकेगा भुगतान’
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर की तीर्थ नगरी ब्रजघाट को ‘मिनी हरिद्वार’ बनाने का सपना दिखाया गया, करोड़ों रुपये का बजट भी खर्च हुआ—लेकिन धरातल पर दावों की पोल खुलती दिख रही है। श्मशान घाट और पक्के निर्माणों में लगाए गए पत्थर महज कुछ ही महीनों में टूटने और उखड़ने लगे हैं।
गढ़मुक्तेश्वर नगरपालिका की अधिशासी अधिकारी (EO) पवित्रा त्रिपाठी ने जब श्मशान घाट का औचक निरीक्षण किया, तो वहाँ की बदहाली देखकर दंग रह गईं। श्मशान स्थल के पास नव-निर्मित फर्श और लगाए गए पत्थर जगह-जगह से टूटे पाए गए। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि CNDDS संस्था द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है और भारी लापरवाही बरती गई है। करोड़ों की लागत से बने घाट, लाइटें और पार्क जैसी सुविधाएं रख-रखाव और गुणवत्ता के अभाव में बदहाल हो रही हैं।
निरीक्षण के दौरान मौजूद कार्यदायी संस्था CNDDS के कर्मचारियों को EO पवित्रा त्रिपाठी ने जमकर फटकार लगाई। उन्होंने साफ़ शब्दों में हिदायत दी कि तीर्थ नगरी के इतने महत्वपूर्ण स्थल पर इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
EO ने निर्देश दिए हैं कि टूटे पत्थरों को तुरंत बदला जाए और पूरे निर्माण कार्य को मानकों के अनुसार ठीक किया जाए। साथ ही यह सख्त चेतावनी भी दी गई है कि यदि कार्य में सुधार नहीं हुआ, तो संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उनका भुगतान रोक दिया जाएगा।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)





















