
हापुड़ में भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो किशोरों को रौंदा, एक की मौत, दूसरा गंभीर
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां रफ्तार के कहर ने एक 15 वर्षीय किशोर की जान ले ली, जबकि उसका साथी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
घटना थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के सलाई स्टेडियम के पास की है। जानकारी के मुताबिक, काठीखेड़ा गांव का रहने वाला 15 वर्षीय लविश अपने दोस्त शिवम (15) के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि 15 वर्षीय लविश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद राहगीरों और पुलिस की मदद से गंभीर रूप से घायल शिवम को तुरंत पास के देवनंदिनी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, शिवम की हालत बेहद नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे दिल्ली के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक लविश के परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात वाहन और चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपी को हिरासत में ले लिया जाएगा।
गाय व भैंस के दूध का शुद्ध घी खरीदने के लिए संपर्क करें: 9068607739





















