
मेरठ: हापुड़ के साजिद पर मेरठ में हमला, गन्ने के खेत में मिला युवक
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): मेरठ के मुंडाली थाना क्षेत्र अंतर्गत इलाहाबाद की मड़ैया गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गन्ने के खेत में एक युवक लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। घायल की पहचान हापुड़ के मजीदपुरा निवासी साजिद के रूप में हुई है। साजिद की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि पप्पू (पुत्र जिले सिंह) के ट्यूबवेल के पास गन्ने के खेत में एक व्यक्ति खून से लथपथ पड़ा है। सूचना मिलते ही डायल-112 की पीआरवी-5864 टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हमला इतना घातक था कि घायल बोलने की स्थिति में भी नहीं था। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत इलाज के लिए एनसीआर अस्पताल, खरखौदा में भर्ती कराया।
शुरुआती जांच में घायल की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में उसकी शिनाख्त मजीदपुरा (हापुड़) निवासी साजिद के रूप में हुई। मुंडाली थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के इलाकों में पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि, हमला किन वजहों से किया गया और साजिद वहां कैसे पहुंचा, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 118(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मुंडाली पुलिस का कहना है कि घायल की हालत में सुधार होने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
होलसेल दामों पर खरीदें व बनवाएं कस्टमाईज़ड टाइल्स: 8449930105, 9837824010https://youtu.be/RkXMX1JbZJA




















