
जी.एस. आयुर्वेद कॉलेज में 11वें आयुर्वेद दिवस समारोह का भव्य समापन
हापुड़, सीमन/ रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): पिलखुआ (हापुड़): जी.एस. आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” थीम पर आयोजित 11वें आयुर्वेद दिवस समारोह का भव्य समापन हुआ। 11 सितंबर से शुरू हुए इस समारोह का शुभारंभ कॉलेज प्रबंध निदेशक सोनाली शर्मा, प्रधानाचार्या डॉ. भावना सिंह, उप-प्रधानाचार्या डॉ. जीना पटनायक, एमएस डॉ. प्रवीण गोयल एवं समन्वयक डॉ. किरण तंवर की उपस्थिति में हुआ था।
समारोह का मुख्य आकर्षण एक दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार रहा, जिसमें देशभर से आए विषय विशेषज्ञों एवं शोधार्थियों ने आयुर्वेद के वैज्ञानिक अनुसंधान, समकालीन महत्व व चिकित्सकीय उपयोगिता पर विचार साझा किए।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु निबंध, वाद-विवाद, पोस्टर मेकिंग, क्विज, खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं कराई गईं। साथ ही नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली, स्वास्थ्य शिविर एवं औषधीय पौधों के वितरण के जरिए जन-जागरूकता फैलाई गई।
समारोह के अंतिम दिन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान धन्वंतरि पूजन एवं धन्वंतरि होम (हवन) संपन्न हुआ, जिसमें सभी के आरोग्य व मंगल की कामना की गई। संस्थान ने आयुर्वेद के ज्ञान और अनुसंधान को आधुनिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर कॉलेज के समस्त शिक्षक, विद्यार्थी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
“द रेमंड शॉप” दे रहे हैं रेडीमेड कलेक्शन पर 50% तक की विशेष छूट: 9149331926





















