
पिलखुवा: बुलेट और 5 लाख की मांग को लेकर विवाहिता से दरिंदगी, ससुराल पक्ष के 6 लोगों पर केस दर्ज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न और संगीन आरोपों का एक बड़ा मामला सामने आया है। शादी में 13 लाख रुपये खर्च करने के बावजूद ससुराल पक्ष की लालच खत्म नहीं हुई। आरोप है कि बुलेट मोटरसाइकिल और 5 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर पीड़िता का उत्पीड़न किया गया, देवर ने गलत हरकत की कोशिश की और पति दोनों मासूम बच्चों को छीनकर महिला को रास्ते में छोड़ गया।
मामला पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र का है, पीड़िता का निकाह नवंबर 2023 में मेरठ निवासी युवक के साथ हुआ था। पीड़िता के परिजनों ने शादी में अपनी हैसियत के मुताबिक करीब 13 लाख रुपये, कीमती जेवरात और सामान उपहार में दिया था।l लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों की नीयत बदल गई और उन्होंने बुलेट मोटरसाइकिल व 5 लाख रुपये की और मांग शुरू कर दी।
हैरान करने वाली बात यह है कि पीड़िता के दो छोटे बच्चे हैं। आरोप के मुताबिक, बीते 2 अप्रैल को पीड़िता के देवर ने कमरे में घुसकर उसके साथ अभद्र व्यवहार और गलत हरकत करने का प्रयास किया। जब महिला ने इसका विरोध किया और शिकायत की, तो पूरे ससुराल पक्ष ने मिलकर उसे अंजाम भुगतने की धमकी दी।
उत्पीड़न का सिलसिला यहीं नहीं थमा। 4 अप्रैल को पति दोनों बच्चों को लेकर जबरन चला गया और पीड़िता को सुनसान रास्ते में गाड़ी से उतार दिया। महिला थाना हापुड़ में सुलह-समझौते की कोशिशें भी की गईं, लेकिन ससुराल पक्ष बच्चों को लौटाने के लिए तैयार नहीं हुआ। आखिर में थक-हारकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पति और देवर समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और सभी आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
कारपेंटर के कमीशन से पाए छुटकारा, होम बॉस हार्डवेयर से खरीदें दरवाजे की कुंडी: 9568911464




















