
दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार पिकअप ने ली 10 साल के मासूम रिहान की जान, परिजनों में कोहराम
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना धौलाना (मसूरी-गुलावठी रोड औद्योगिक क्षेत्र) में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। शनिवार दोपहर अपने माता-पिता के साथ दवा लेने जा रहे 10 साल के मासूम रिहान को एक तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि रिहान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, शेखपुर खिचरा के रहने वाले नसीम अपने 10 वर्षीय बेटे रिहान को दवा दिलाने औद्योगिक क्षेत्र के फेज-1 से होकर जा रहे थे। रिहान थोड़ा आगे चल रहा था, जबकि माता-पिता कुछ दूरी पर पीछे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने मासूम रिहान को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक अपनी गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। हादसे की खबर फैलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक रिहान अपनी चार बहनों का अकेला और इकलौता भाई था, जिसकी मौत से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप को अपने कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अवनीश शर्मा के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार पिकअप चालक की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559






















