
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ के गांव नली हुसैनपुर में मारपीट के मामले में जमानत पर बाहर आए आरोपी पर पीड़ित को दोबारा जान से मारने और गांव छोड़ने की धमकी देने का आरोप लगा है।
मामला बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के नली हुसैनपुर गांव का है। पीड़ित के मुताबिक, 12 सितंबर की शाम गांव का ही एक व्यक्ति उसके घर में घुस आया और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान पीड़ित के सिर में गंभीर चोट आई और सात टांके भी लगे।
पीड़ित का आरोप है कि उसे बचाने पहुंचे उसके पिता के साथ भी आरोपी ने लोहे की रॉड से मारपीट की थी। फिलहाल पीड़ित का सीएचसी में इलाज चल रहा है।
पीड़ित वरुण के अनुसार, पहले भी घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में आरोपी गोलू को मुकदमे के बाद मुचलके पर जमानत मिली थी। जमानत मिलने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर पीड़ित को दोबारा जान से मारने की धमकी दी और गांव में नहीं रहने की बात कही।
घटना के बाद पीड़ित और उसका परिवार डरा हुआ है। पीड़ित की शिकायत पर बाबूगढ़ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




















