
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ जिले में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। शुक्रवार को जिले में एक और मरीज में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जिले में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र के गांव पलवाड़ा निवासी एक बुजुर्ग की स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। फिलहाल उनका इलाज मेरठ के गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई और मरीज के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाकर उनकी निगरानी शुरू कर दी गई है। विभाग का कहना है कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है, ताकि संक्रमण के संभावित प्रसार को समय रहते रोका जा सके।
स्वास्थ्य विभाग लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दे रहा है। वायरल, बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करने और समय पर चिकित्सकीय जांच कराने की अपील की गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहूजा के मुताबिक, मरीज को शुगर और बीपी की बीमारी भी है। मरीज के संपर्क में आए लोगों पर स्वास्थ्य विभाग की नजर बनी हुई है।
रिपोर्ट सामने आने के बाद जिले में निगरानी और बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्थिति पर नजर रख रही हैं और संदिग्ध लक्षण मिलने पर संबंधित लोगों की जांच कराने पर जोर दिया जा रहा है।




















