
ड्रोन कैमरे से तेंदुए की तलाश शुरू, पेड़ों की टहनियां काटकर निगरानी के दिए निर्देश
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र के हिरनपुरा गांव के जंगल में तेंदुआ और उसके शावक दिखाई देने के बाद वन विभाग की टीम लगातार निगरानी में जुटी है। ग्रामीणों की ओर से तेंदुए के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आसपास के खेतों व जंगल में जांच की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जंगल में ड्रोन कैमरे की मदद से तेंदुए और शावक की तलाश कराई जा रही है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए की गतिविधियों का पता लगाने के लिए सघन निरीक्षण किया।
ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र में लगातार तेंदुआ दिखाई देने की चर्चाओं से किसान और आसपास के लोग चिंतित हैं। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अकेले जंगल में न जाने की सलाह दी है।
वन विभाग की ओर से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की तैयारी भी की गई है। साथ ही जंगल में जहां झाड़ियां और पेड़ों की टहनियां अधिक हैं, उन्हें हल्का करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए की तलाश और निगरानी का अभियान जारी रहेगा।
घुटनों के दर्द, स्लिप डिस्क से परेशान तो आधुनिक मशीनों द्वारा कराएं फिजियोथैरेपी: 7417230216






















