
फॉर्च्यूनर कार ने बाइक व खड़े ट्रैक्टर में मारी टक्कर, चार लोग घायल
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे-9 पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार का कहर देखने को मिला। पहले फॉर्च्यूनर की बाइक से जोरदार टक्कर हुई और इसके बाद बेकाबू कार सड़क किनारे पंचर की दुकान पर खड़े ट्रैक्टर से जा भिड़ी। हादसे में बाइक सवार दंपती समेत चार लोग घायल हो गए।
दरअसल, शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे फॉर्च्यूनर कार दिल्ली से मुरादाबाद की तरफ जा रही थी। इसी दौरान हाईवे पर कार की बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पंचर की दुकान तक जा पहुंची और वहां पंचर लगवा रहे ट्रैक्टर में जा घुसी।
अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बाइक सवार सरूरपुर निवासी जाहिद और उनकी पत्नी इकराना खातून घायल हो गए। वहीं फॉर्च्यूनर में सवार ड्राइवर वीरेंद्र तिवारी और मिथलेश शर्मा को भी चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
सीओ राहुल यादव के मुताबिक, हादसे में घायल सभी लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग की पीड़ित महिलाएं अब रविवार को भी डॉ. रुचिका गुप्ता से ले सकेंगी परामर्श: 8979824365






















