
नवजातों की मौत पर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप, सीएमओ ने परिजनों को दिया कार्रवाई का भरोसा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र के हिम्मतपुर गांव में 2 से 11 सितंबर के बीच कई नवजात बच्चों और एक महिला की मौत के मामले ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
मामले की जानकारी मिलने पर बुधवार को सीएमओ डॉ. किशोर कुमार आहूजा टीम के साथ गांव पहुंचे और मृतकों के परिजनों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से भी बात की और जांच के बाद लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
प्रारंभिक जांच के बाद पीएचसी बक्सर की एक स्टाफ नर्स को वहां से हटा दिया गया है। पूरे प्रकरण की जांच के लिए जिला स्तर पर टीम गठित की गई है। रिपोर्ट आने के बाद नवजातों और महिला की मौत के कारणों के साथ-साथ संभावित लापरवाही की स्थिति भी स्पष्ट हो सकेगी।
सीएमओ ने पीएचसी बक्सर का निरीक्षण कर प्रसव कक्ष, रजिस्टर, मरीजों की डिटेल और अन्य रिकॉर्ड भी जांचे। उन्होंने अस्पताल परिसर में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई और साफ-सफाई व व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कारपेंटर के कमीशन से पाए छुटकारा, होम बॉस हार्डवेयर से खरीदें दरवाजे की कुंडी: 9568911464






















