
दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप, पति समेत ससुराल पक्ष पर केस
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के असौड़ा गांव में दहेज को लेकर विवाहिता के साथ मारपीट और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता तबस्सुम के मुताबिक, उसका निकाह 15 जनवरी 2023 को असौड़ा निवासी अमन कालोनी के परवेज आलम से हुआ था। शादी के समय मायके पक्ष ने अपनी हैसियत के अनुसार सामान दिया था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद पति के शराब और अन्य नशे का आदी होने की जानकारी हुई।
तबस्सुम का आरोप है कि इसके बाद ससुराल पक्ष ने दहेज में 50 हजार रुपये की मांग शुरू कर दी और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट व प्रताड़ना की गई। महिला के अनुसार, उसे घर से निकाल दिया गया और वह काफी समय तक मायके में रही।
बाद में गांव के गणमान्य लोगों के समझाने पर वह ससुराल वापस पहुंची। आरोप है कि 15 जुलाई 2026 को पति ने नशे की हालत में उसके साथ मारपीट की और तीन तलाक कहकर उसे घर से निकाल दिया।
विवाहिता की मां ने मामले की शिकायत पुलिस से की। थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दातों की झनझनाहट को नजरअंदाज ना करें, नि:शुल्क सलाह के लिए कॉल करें: 7668219093, 9997097671






















