जनपद हापुड़ में कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए प्रशासन तमाम कदम उठा रहा है लेकिन कोरोना के बढ़ते मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला हापुड़ के न्यू शिवपुरी से मिला है जहां एक 9 माह की गर्भवती महिला कोरोना संक्रमित पाई गई है। जिला प्रशासन ने न्यू शिवपुरी इलाके को सील कर सैनिटाइजेशन का कार्य शुरु कर दिया है।
मेरठ से आई थी महिला:
प्राप्त हुई जानकारी के मुताबिक कोरोना संक्रमित गर्भवती महिला न्यू शिवपुरी में एक किराए के मकान में रहती है वह कुछ दिन पहले मेरठ से हापुड़ आई जिसके बाद उसने निजी लैब में कोरोना का टेस्ट कराया जो कि पॉजिटिव पाया गया। जैसी ही इसकी सूचना जिला स्वास्थ्य विभाग को लगी तो प्रशासन की टीम रात ही न्यू शिवपुरी में पहुंच गई और महिला को आईसोलेट कर इलाके को सील करने का कार्य शुरु कर दिया। साथ ही महिले के परिवार को पिलखुवा के जीएस अस्पताल में भर्ती कराया है।
एक और मरीज हुआ स्वस्थ:
जहां एक तरफ कोरोना का यह नया मामला सामने आया तो वहीं देर रात मिली जानकारी के मुताबिक एक मरीज स्वस्थ भी हुआ जिससे स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या 19 से बढ़कर 20 हो गई है। हापुड़ जिले के आंकड़े कुछ इस प्रकार हैं:
एक्टिव केस: 35
अबतक स्वस्थ हुए मरीज: 20
कुल केस: 55
























