
पिलखुवा: विशाल अजगर को देख उड़े लोगों के होश
हापुड़, सीमन/ रियाज अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब नेशनल हाईवे के एलिवेटेड पुल के नीचे खेड़ा गेट के सामने एक फर्नीचर शोरूम के शटर के बाहर विशालकाय अजगर पड़ा दिखाई दिया। रात करीब आठ बजे अचानक अजगर पर नजर पड़ते ही दुकानदारों और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया गया कि फर्नीचर शोरूम के बाहर शटर के पास अजगर को पड़ा देखकर लोगों ने तुरंत आसपास के दुकानदारों को इसकी जानकारी दी।
अजगर को देखने के लिए कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने सावधानी बरतते हुए उससे दूरी बनाए रखी और तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी हिम्मत दिखाते हुए अजगर को पकड़ने का प्रयास शुरू कर दिया।
विशालकाय अजगर को काबू में करने के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद अजगर को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया। इसके बाद पुलिस ने वन विभाग की सहायता ली। वन विभाग की मदद से अजगर को आबादी वाले क्षेत्र से सुरक्षित स्थान पर ले जाकर छुड़वा दिया गया।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि अचानक इतने बड़े अजगर को देखकर कुछ देर के लिए सभी सहम गए। हालांकि लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पुलिस को सूचना दी और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़वाया। गनीमत रही कि समय रहते अजगर पर लोगों की नजर पड़ गई और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। अजगर को सुरक्षित स्थान पर छुड़वाए जाने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद काफी देर तक क्षेत्र में विशाल अजगर के मिलने को लेकर चर्चाएं होती रहीं।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068





















