
हिन्दी दिवस पर शिक्षकों का सम्मान
हापुड़,सीमन (ehapurnews.com):हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में हापुड में हिन्दी भाषा के सम्मान, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार को समर्पित एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध कवि एवं साहित्यकार डॉ. अनिल बाजपेई, श्रीमती कमला गर्ल स्कूल की प्रधानाचार्या पारुल शर्मा तथा शिवा स्कूल की डॉ. सुमन अग्रवाल को पटका पहनाकर, स्मृति-चिह्न एवं सम्मान पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. आराधना बाजपेई ने किया। कार्यक्रम की संयोजक स्वाति मित्तल एवं उषा अग्रवाल रहीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. आराधना बाजपेई ने कहा कि हिन्दी केवल हमारी भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार और संवेदनाओं की आत्मीय अभिव्यक्ति है। हिन्दी का सम्मान करना अपनी जड़ों और अपनी सांस्कृतिक पहचान का सम्मान करना है।
सचिव नीरू मित्तल एवं कोषाध्यक्ष अर्चना कंसल ने कहा कि हिन्दी को जन-जन की भाषा बनाने के लिए हमें अपने दैनिक जीवन में हिन्दी के प्रयोग को बढ़ाना होगा।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रख्यात कवि एवं साहित्यकार डॉ. अनिल बाजपेई ने कहा कि हिन्दी की सबसे बड़ी शक्ति उसकी आत्मीयता और स्वीकार्यता है। यह भाषा मन से निकलकर सीधे मन तक पहुंचती है। हिन्दी दिवस केवल एक दिन हिन्दी को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि वर्षभर हिन्दी के प्रति अपने दायित्व को निभाने का संकल्प लेने का पर्व है।
विशिष्ट अतिथि पारुल शर्मा ने कहा कि हिन्दी हमारी भावनाओं की सहज भाषा है। विद्यार्थियों को हिन्दी बोलने, लिखने और पढ़ने के लिए प्रोत्साहित करके हम अपनी समृद्ध भाषायी विरासत को सुरक्षित रख सकते हैं।
कार्यक्रम में रेखा सिंह, उर्मिला शर्मा, संतोष शर्मा, रजनी बंसल, संतोष सिंघल, राजकुमारी मित्तल, बीना जिंदल, सिमरन गोयल, आशा भटनागर, संध्या कंसल, सीमा गोयल, सुषमा खन्ना, किरण गोस्वामी, सोनिया एवं अधिवक्ता ज्योति सहित अनेक गणमान्य महिलाएं एवं साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।
99 MINI MALL से खरीदें अधिकतर सामान मात्र 99/- में: 8191820867






















