
हापुड़ में घर से नाराज होकर निकली 13 वर्षीय किशोरी, पुलिस ने एक घंटे में खोज निकाला
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ में परिजनों से नाराज होकर घर से निकली 13 वर्षीय किशोरी के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। मामला मुदफरा चौकी क्षेत्र का है, जहां चौकी प्रभारी रोहित कुमार ने मामले की निगरानी संभालते हुए सीसीटीवी कैमरों की मदद से किशोरी की तलाश शुरू कराई।
पुलिस के मुताबिक, किशोरी किसी बात को लेकर परिजनों से नाराज थी और घर से निकल गई थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज में किशोरी निजामपुर स्थित टीपी नगर अंडरपास के पास दिखाई दी। फुटेज से उसके गाजियाबाद की ओर जाने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस ने संभावित रास्तों पर तलाश तेज कर दी।
चौकी प्रभारी रोहित कुमार की निगरानी में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए किशोरी के रास्ते को ट्रेस किया और करीब एक घंटे के भीतर उसे सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
बेटी के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम, खासकर चौकी प्रभारी रोहित कुमार की तत्परता के लिए आभार जताया।
Admission open (2026-27)
S.A International School
Call- 9258003065
Email-id stasfee.internationalschool@gmail.com





















