
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हिन्दी दिवस के अवसर पर जायंट्स ग्रुप हापुड़ के तत्वावधान में बाबूगढ़ स्थित ओमप्रकाश कन्या इंटरनेशनल कॉलेज में सम्मान समारोह एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिन्दी भाषा के प्रति विद्यार्थियों में प्रेम, गौरव और सम्मान की भावना जागृत करने के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुधा गुप्ता, सुषमा गुप्ता एवं शिक्षक पंकज शर्मा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूनिट निदेशक डॉ. अनिल बाजपेई ने कहा कि हिन्दी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार और संवेदनाओं की पहचान है। जिस भाषा में हमारी भावनाएं सहज रूप से अभिव्यक्त होती हैं, उस हिन्दी को सम्मान देना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिन्दी को गर्व के साथ अपनाने का आह्वान किया।
संरक्षक योगेश गर्ग ने कहा कि हिन्दी हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की संवाहक है। नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा से जोड़ना आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। अध्यक्ष पवन सक्सेना ने कहा कि भाषा केवल शब्दों का समूह नहीं होती, बल्कि वह हमारी सभ्यता और संस्कारों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे ले जाने का माध्यम होती है। हिन्दी को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
सचिव संजय गोयल ने कहा कि हिन्दी के प्रति सम्मान तभी सार्थक होगा, जब हम अपने दैनिक जीवन में हिन्दी का अधिकाधिक प्रयोग करें। उपाध्यक्ष अजय बंसल, पंकज अग्रवाल एवं मुकेश अग्रवाल ने भी विद्यार्थियों को हिन्दी के महत्व से अवगत कराते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने गुरु महिमा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में लाइवा ने प्रथम, रितिका ने द्वितीय तथा गुड्डी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
अंत में प्रधानाचार्य सुधा गुप्ता ने सभी अतिथियों, आयोजकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के भीतर आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति-कौशल और अपनी भाषा के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करते हैं।
कारपेंटर के कमीशन से पाए छुटकारा, होम बॉस हार्डवेयर से खरीदें दरवाजे की कुंडी: 9568911464





















