
दो बाइकों की भिड़ंत में एक की मौत, दो घायल
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बहादुरगढ़ क्षेत्र में नहर चौकी के पास शनिवार की दोपहर करीब 12:00 बजे दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। सड़क हादसे में 36 वर्षीय देवेंद्र लोधी निवासी बहादुरगढ़ की दर्दनाक मौत हो गई वहीं दूसरी बाइक पर सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि देवेंद्र लोधी मूल रूप से जनपद बुलंदशहर के थाना नरसेना क्षेत्र के ऊंचा गांव निवासी थे। देवेंद्र शादी व अन्य समारोह में हलवाई का काम करते थे। वह शनिवार को किसी काम से गांव भदस्याना गए थे। दोपहर के समय वह बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नहर क्रॉसिंग के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर डब्लू उर्फ अंकुर और धर्मवीर सिंह निवासी खाद्य बरौली कोतवाली स्याना जनपद बुलंदशहर सवार थे। सड़क हादसे में तीनों व्यक्ति घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जहां देवेंद्र की मौत हो गई जबकि डब्लू उर्फ अंकुर और धर्मवीर का उपचार जारी है।
घुटनों के दर्द, स्लिप डिस्क से परेशान तो आधुनिक मशीनों द्वारा कराएं फिजियोथैरेपी: 7417230216


















