
जन्मदिन समारोह के दौरान मामूली कहासुनी के बाद हुआ विवाद, पुलिस ने घायलों का कराया मेडिकल
हापुड़, सीमन / अमित कुमार (ehapurnews.com): हापुड़ कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव धनौरा में जन्मदिन का केक काटने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। घर के सामने केक काटने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार रात गांव धनौरा निवासी शिवम के परिवार में जन्मदिन का कार्यक्रम था। केक काटने के लिए टेबल गौरव के घर के सामने लगाई गई थी। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के युवकों में मारपीट शुरू हो गई।
विवाद के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस गांव में पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कराया। इसके बाद घायलों को अस्पताल भेजकर उपचार कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में पथराव होने की सूचना की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने लोगों से घटना को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
एसएचओ पारस मलिक ने बताया कि केक काटने के दौरान मामूली विवाद को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के कुछ युवकों ने शराब का सेवन किया हुआ था। मारपीट में एक महिला समेत चार लोग घायल हुए हैं। पथराव की सूचना की प्रारंभिक जांच में पुष्टि नहीं हो पा रही है। दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल कराया गया है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Deewan Global School, Babugarh || Admission Open: 7055651651






















