
हापुड़, सूवि (ehapurnews.com): सावन माह के प्रथम सोमवार के अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना व पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने जनपद में कावड़ यात्रा की तैयारियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए जनपद के प्रमुख शिवालयों एवं कावड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिरों में साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि सावन माह में कावड़ियों की आस्था का सम्मान करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। किसी भी श्रद्धालु को जलाभिषेक करने में कोई असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसी के साथ जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सावन के पहले सोमवार पर शिवलिंग को जलाभिषेक कर सनातन संस्कृति के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त की।




















