
कार सवार दबंगों पर कार्रवाई न होने पर एसपी कार्यालय का किया रुख
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र में दबंगों द्वारा कार सवार को घेरकर हमले के प्रयास के मामले में कार्रवाई न होने से खफा पीड़ित के परिजन सोमवार को हापुड़ की दिल्ली रोड पर स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। सीओ अनीता चौहान ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
हापुड़ के पटेल नगर निवासी अनामिका गुप्ता पत्नी संदीप गुप्ता सोमवार को अपनी बहन आदिति सिंघल के साथ हापुड़ के एसपी ऑफिस पहुंची जहां आदिति सिंघल ने बताया कि कृष्णा गुप्ता 23 जुलाई की सुबह हापुड़ कोतवाली क्षेत्र की दिल्ली रोड पर स्थित शाही शिकंजी पर अपनी निजी कार से दोस्त के साथ चाय पीने के लिए गया था। तभी पीछे से आई ग्रे रंग की होंडा सिटी गाड़ी ने अचानक कृष्णा गुप्ता की गाड़ी के आगे गाड़ी लगा दी और उसमें से कुछ दबंग हाथों में लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर लेकर बाहर निकल आए। खतरे को भांपते हुए और हमले की योजना को समझते हुए कृष्णा गुप्ता ने तुरंत गाड़ी को रिवर्स किया और अपनी गाड़ी हापुड़ के तहसील चौराहे की ओर दौड़ा दी। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि कार सवार दबंगों ने तहसील चौराहे तक उनकी गाड़ी का पीछा किया लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस को देखकर वह फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की लेकिन अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। मामले में उचित कार्रवाई की मांग के समर्थन में परिजन सोमवार को एसपी ऑफिस पहुंचे जहां उनकी मुलाकात क्षेत्राधिकारी से हुई। सीओ ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग की पीड़ित महिलाएं अब रविवार को भी डॉ. रुचिका गुप्ता से ले सकेंगी परामर्श: 8979824365























