
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (EHapurNews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बछलौता फ्लाईओवर के पास एक बाइक डिवाइडर से टकरा गई जिस कारण बाइक पर सवार तीन बच्चे और उसके माता-पिता हादसे का शिकार हो गए। सड़क हादसा इतना भयानक था कि एक बच्ची की तो मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके पिता ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं भाई-बहन की भी उपचार के दौरान मौत हो गई जबकि महिला घायल है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने अपनी गाड़ी और एम्बुलेंस से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस की जांच जारी है।बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि अशोक पुत्र रामेश्वर दयाल निवासी ग्राम हसनपुर थाना खुदागंज जनपद शाहजहांपुर सोमवार की दोपहर करीब 3:30 बजे अपनी बाइक पर सवार होकर घर से नोएडा काम करने के लिए जा रहे थे। बाइक पर उनकी 42 साल की पत्नी रिंकी, 14 साल का बेटा अनुज, 8 साल की बेटी मीनाक्षी, 4 साल की बेटी राधिका सवार थे। जैसे ही बाइक बछलौता फ्लाईओवर के पास पहुंची तो बाइक अचानक डिवाइडर से टकरा गई जिस कारण राधिका की मौके पर मौत हो गई जबकि अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने अशोक को भी मृत घोषित कर दिया जिससे परिवार में कोहराम मच गया। वहीं बेटा अनुज व मीनाक्षी ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
























