
हापुड़ के व्यापारी के साथ जमीन बेचने के नाम पर 1.38 करोड़ रुपए हड़पे
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र की गढ़ रोड पर स्थित इंडियन बैंक के सामने रहने वाले व्यापारी देवेंद्र सिंघल ने कुछ लोगों पर रजिस्टर्ड एग्रीमेंट छुपा कर जमीन बेचने के नाम पर एक करोड़ 38 लाख रूपए हड़पने का आरोप लगाया है। क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर 13 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जनवरी माह 2017 में प्रॉपर्टी डीलर मुन्ना त्यागी उनकी दुकान पर आया और उन्हें सिकंदर गेट के पास की जमीन दिखाई। उसके बाद मुन्ना त्यागी, जमीन मालिक अशोक त्यागी, राजवीर त्यागी, विकास त्यागी, संजीव त्यागी, अमित त्यागी, सुमित त्यागी, साधना त्यागी, अतुल त्यागी, राजीव त्यागी व राकेश त्यागी निवासी मौहल्ला तगासराय को लेकर उनकी दुकान पर आया। इस दौरान उन्होंने जमीन मालिक से 1500 वर्ग गज जमीन पर 6500 प्रति गज के हिसाब से सौदा कर उन्हें ₹5,00,000 बयाने के रूप में दे दिए। कुछ दिनों बाद उन्होंने अपनी पत्नी के बैंक खाता से व नकद रूप में जमीन मालिकों को एक करोड़ 48 लाख रुपए दे दिए। इसके बाद में पता चला कि आरोपियों ने इस जमीन को पहले से ही रजिस्टर एग्रीमेंट के माध्यम से किसी के नाम कर रखा है। रुपए वापस मांगने पर आरोपियों ने 10 लाख का चेक पीड़ित को देकर ₹10,00,000 वापस कर दिए। शेष रकम वापस न करने पर पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की जिसके बाद पीड़ित ने न्यायालय का रुख किया। हापुड़ कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264
























