
समिति धौलाना में किसान जागरूकता अभियान का शुभारंभ, किसानों को बीमा, पेंशन एवं डिजिटल सुरक्षा की दी गई जानकारी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): धौलाना सहकारी समिति में किसान जागरूकता अभियान का शुभारंभ समिति अध्यक्ष एवं समिति सचिव द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पेंशन योजनाओं तथा सुरक्षित डिजिटल लेनदेन के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में किसानों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) तथा अटल पेंशन योजना (APY) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित अधिकारियों द्वारा इन योजनाओं के अंतर्गत मिलने वाले बीमा सुरक्षा, पेंशन तथा अन्य आर्थिक लाभों की जानकारी देते हुए किसानों से अधिक से अधिक संख्या में इन योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर सीमा सिंह (भारतीय रिज़र्व बैंक प्रतिनिधि) एवं श्री नरेंद्र यादव (भारतीय रिज़र्व बैंक) ने किसानों को डिजिटल बैंकिंग एवं डिजिटल लेनदेन के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताते हुए किसानों से किसी भी प्रकार का OTP, PIN अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की अपील की।
कार्यक्रम में उपेंद्र राणा (समिति अध्यक्ष, धौलाना), नवीन कुमार (समिति सचिव, धौलाना), विनोद शिशोदिया (अध्यक्ष, बार काउंसिल, धौलाना), अनमोल राठी (गन्ना हैड, बृजनाथपुर चीनी मिल) तथा चन्द्रवीर बलियान (केन मैनेजर, बृजनाथपुर चीनी मिल) ने किसानों को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने एवं डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बृजनाथपुर चीनी मिल के अधिकारीगण, समिति कर्मचारी, कृषक बंधु, समिति स्टाफ एवं अन्य गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम दिनांक 6 जुलाई 2026 से 8 जुलाई 2026 तक जारी रहेगा।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010






















