
नीट परीक्षा को पारदर्शी सम्पन्न को लेकर बैठक
हापुड, सीमन (ehapurnews.com):आगामी 21 जून जनपद हापुड में होने वाली नीट परीक्षा को लेकर बुधवार को हापुड कलेक्ट्रेट सभागार में एक बैठक आयोजित की गयी।नीट परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से बैठक का आयोजन किया गया।बैठक में जिलाधिकारी कविता मीना ने संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।उन्होने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखा जाए, तथा संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त फोर्स की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।बंद पड़े CCTV को तत्काल ठीक कराया जाए।अभ्यर्थियों की गहन चेकिंग की जाए तथा मोबाइल, स्मार्ट वॉच एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहे।
प्रवेश पत्र एवं वैध फोटो पहचान पत्र का कड़ाई से सत्यापन करते हुए प्रतिरूपण की किसी भी संभावना को समाप्त किया जाए। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, गोपनीयता एवं समयबद्ध वितरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।सभी परीक्षा केंद्र पर आधारभूत सुविधाएं कराई जाए। सभी केंद्रों पर बिजली, पेयजल, स्वच्छ शौचालय एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।गर्मी को देखते हुए अभ्यर्थियों के लिए बैठने एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
समन्वय एवं निगरानी व्यवस्था
- परीक्षा अवधि के दौरान जिला स्तरीय कंट्रोल रूम सक्रिय रखा जाए।सभी अधिकारी अलर्ट मोड में रहकर सतत निगरानी सुनिश्चित करें। स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निरंतर नजर रखी जाए तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न होने दी जाए तथा पूरी प्रक्रिया की निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559























