
हापुड़, सीमन/अशोक तोमर/संजय कश्यप (ehapurnews.com): हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों पर हमला करने का मामला सामने आया है। बाइक सवार युवकों को टोकने पर वह भड़क गए और उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दोनों पुलिसकर्मियों को जमकर पीटा। एक के सिर में काफी ज्यादा चोट आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।यह प्रकरण ए टू ज़ेड पुलिस चौकी क्षेत्र का है जब सिपाही दौलत राम और अभिषेक त्यागी क्षेत्र में शुक्रवार की रात गश्त कर रहे थे। तभी उन्होंने रात करीब 1:00 बजे एक बाइक पर दो युवकों को आते हुए देखा। जब उन्होंने दोनों को रुकने का इशारा किया तो वह पुलिस से अभद्रता करने लगे। इसी बीच पुलिसकर्मियों ने सख्ती करते हुए जब कड़ी पूछताछ की तो दोनों युवक भड़क गए जिन्होंने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। कुछ ही मिनट में छोटा हाथी वाहन में सवार होकर आए एक दर्जन दबंगों ने पुलिसकर्मियों को जमकर पीटा। लाठी-डंडों से मारपीट कर दोनों को घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।घायल पुलिसकर्मियों ने 112 पर कॉल कर पुलिस को मामले से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। सिपाही दौलत राम को काफी ज्यादा चोट आई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
गाय व भैंस के दूध का शुद्ध घी खरीदने के लिए संपर्क करें: 9068607739
























