
2.55 करोड़ हड़पने के आरोप में शिवा होटल के संचालक मामा यादव व उनकी पत्नी पर मुकदमा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): गाजियाबाद के थाना मधुबन बापूधाम पुलिस ने नरेंद्र सिंह उर्फ मामा यादव पुत्र राजाराम और संतोष यादव पत्नी हरेंद्र उर्फ मामा यादव निवासीगण रघुवीरगंज हापुड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने नागेंद्र चौधरी उर्फ नीरज चौधरी पुत्र कृष्ण पाल सिंह निवासी संजय नगर गाज़ियाबाद की तहरीर के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नागेंद्र चौधरी का आरोप है कि मामा यादव और उनकी पत्नी संतोष यादव के द्वारा पार्टनरशिप के नियमों का उल्लंघन करते हुए धोखाधड़ी और जालसाजी कर कूटरचित दस्तावेजों को तैयार कर बिना किसी अधिकार के होटल को अन्य व्यक्ति को बेच दिया।
पीड़ित का आरोप है कि हरेंद्र सिंह और उनकी पत्नी संतोष यादव ने वृंदावन में स्थित होटल की जमीन को अपना बताकर निवेश कराया जबकि बाद में पता चला कि जमीन किराए पर ली गई थी। संजय नगर निवासी नागेंद्र चौधरी ने बताया कि 2023 में हरेंद्र सिंह और उनकी पत्नी संतोष यादव के साथ मिलकर यमुना एक्सप्रेसवे पर वृंदावन कट के पास स्थित एक होटल के संचालन के लिए साझेदारी की। होटल संचालक निर्माण के नाम पर उन्होंने नकद और बैंक खातों में मिलाकर कुल 2.55 करोड़ से अधिक की रकम निवेश की। पीड़ित का आरोप है कि मामा यादव ने होटल की जमीन को अपनी निजी संपत्ति बताते हुए दस्तावेज दिखाई थे। बाद में जानकारी हुई कि जमीन उनकी नहीं थी बल्कि दूसरे से किराए पर ली गई थी। होटल चलने और मुनाफा होने के बाद साझेदारों की नियत बदल गई और उन्होंने ना तो हिसाब दिया और न ही साझेदारी की शर्तों का पालन किया। बिना किसी सहमति के होटल अन्य व्यक्ति को बेच दिया। जब उन्होंने अपनी हिस्सेदारी और निवेश की रकम के बारे में पूछा तो उन्हें धमकी दी जा रही है। गाजियाबाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जय गुरुदेव ज्वेलर्स से खरीदें सोने, चांदी व डायमंड की ज्वेलरी: 9634998846























