
बाबूगढ़: खड़े ट्रक में पीछे से घुसी बाइक, दो युवकों की मौत
हापुड़, सीमन/अमित कुमार/संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा बछलोता फ्लाईओवर के पास उस समय हुआ जब मोटरसाइकिल हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। पुलिस दोनों के शवों का पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम की तैयारी कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार करीब 12 बजे दो युवक मोटरसाइकिल से गाजियाबाद से गढ़मुक्तेश्वर की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के बछलोता फ्लाईओवर के पास पहुंची, वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में एक की पहचान 28 वर्षीय दीपांशु पुत्र मांगे निवासी गांव मिश्रीपुर थाना गढ़मुक्तेश्वर जनपद हापुड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को हाईवे से हटवाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करा दिया है। वहीं परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
VIKAS GLOBAL SCHOOL || ADMISSION OPEN: NURSERY TO IX & XI : 8710848586, 8710868788























