
बार अधिवक्ताओं ने फर्जी आई टी सी क्लेम पर की कार्रवाई की माँग
हापुड सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ टैक्स बार एसोसिएशन ने राज्य कर विभाग, हापुड़ के समक्ष फर्जी बिलिंग, अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) हस्तांतरण, कागजी फर्मों के संचालन तथा कर व्यवस्था में बढ़ती अनियमितताओं के विरुद्ध एक ज्ञापन देकर आरोपियो के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
एसोसिएशन ने एक ज्ञापन के माध्यम से विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है कि फर्जी बिलिंग एवं अवैध आईटीसी के कारण न केवल सरकारी राजस्व को भारी क्षति हो रही है, बल्कि ईमानदार व्यापारियों एवं अधिवक्ताओं के हित भी प्रभावित हो रहे हैं। एसोसिएशन ने मांग की कि ऐसे मामलों में B2B लेन-देन, ई-वे बिल, बैंकिंग ट्रांजैक्शन एवं माल के वास्तविक मूवमेंट की गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए जो असल में माल फुटकर में नगद में बेचते हैं लेकिन पोर्टल पर आईटीसी किसी अन्य व्यापारी को हस्तांतरित कर देते हैं।
इस अवसर पर हापुड़ टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नितिन गर्ग एवं महासचिव संजीव कुमार बंसल, जितिन अग्रवाल आदि उपस्थित रहे। ज्ञापन को हापुड़ के वरिष्ठ कर अधिवक्ताओं का भी समर्थन प्राप्त हुआ।
ज्ञापन को समर्थन प्रदान करने वालों में प्रमुख रूप से टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जे. के. पाल, वरिष्ठ अधिवक्ता अमित मित्तल, अंकित कुमार आदि अधिवक्ता रहे।
हापुड़ टैक्स बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष या व्यापारिक वर्ग को निशाना बनाना नहीं है, बल्कि कर व्यवस्था में पारदर्शिता, ईमानदारी एवं कानून के शासन को मजबूत करना है। एसोसिएशन ने विभाग से अनुरोध किया कि फर्जी बिलिंग एवं अवैध आईटीसी नेटवर्क के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा ईमानदार करदाताओं एवं अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
एसोसिएशन ने विश्वास व्यक्त किया कि विभाग इस विषय की गंभीरता को समझते हुए आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे कर प्रशासन की विश्वसनीयता और अधिक सुदृढ़ होगी तथा ईमानदारी से कार्य करने वाले व्यापारी एवं अधिवक्ता सम्मानपूर्वक अपना कार्य कर सकेंगे।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559
























