
जिला स्तर पर किसानों के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने की मांग
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एनसीआर अध्यक्ष युवा एकलव्य सिंह सहारा के नेतृत्व में हापुड़ के सभी ब्लॉकों से आए किसान प्रतिनिधिमंडल ने जिला कृषि अधिकारी से वार्ता की। इस दौरान किसानों ने मांग रखी कि जिला स्तर पर एक हेल्पडेस्क स्थापित की जाए, जहां उचित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहें ताकि किसानों को अलग-अलग लाइनों में लगने और अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
किसानों ने कहा कि सर्वर या तकनीकी दिक्कत आने पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाए ताकि कोई भी किसान खाली हाथ वापस घर न लौटे। साथ ही किसानों को अपने दस्तावेजों के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े तथा जिन गांवों में चकबंदी चल रही है, वहां खाद एवं डीएपी वितरण में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न दी जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन द्वारा कालाबाजारी के खिलाफ लगातार चल रही छापेमारी की सराहना करते हुए मांग की कि किसानों को वर्षों से लूट रहे व्यापारियों के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यापारी किसानों के शोषण का साहस न कर सके।
किसानों ने कुछ दुकानदारों एवं कर्मचारियों द्वारा किसानों के साथ किए जा रहे शोषण से संबंधित सूचना दी। जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश ने आश्वासन दिया कि किसानों के साथ हो रहे शोषण की जांच के लिए छापेमारी जारी हैं तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि हेल्पडेस्क की मांग को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाकर जल्द समाधान का प्रयास किया जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि कहीं भी किसी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल अधिकारियों को अवगत कराएं, प्रशासन 24 घंटे किसानों के साथ खड़ा है।
इस बैठक में कमल सिंह, संदीप चौधरी, विनय बाना, भवेंद्र सिसोदिया, सूरजवीर सिंह, ममता शर्मा, जगशरण सैनी, जावेद पहलवान, रविन्द्र चौधरी, इंद्रजीत सिंह, विनोद धारीवाल, शेखर चौधरी, सचिन पंडित, मोहम्मद साजिद, आसिफ अल्वी आदि मौजूद रहे।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069
























