
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर वैठ मोड़ के पास निजी बस संचालक ने कुछ लोगों पर बस रोककर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जनपद बिजनौर के थाना चांदपुर क्षेत्र के मोहल्ला शाहचंदन निवासी मोहम्मद खालिद ने बताया कि 25 मई की शाम उनकी बस गढ़ के नए पुल पर वैठ मोड की तरफ जा रही थी। पीड़ित का आरोप है कि तभी सामने से आई कार में सवार इरफान निवासी गांव रझेटी थाना बहादुरगढ़ और उसके साथ मौजूद अन्य पांच लोगों ने बस को जबरन रोक लिया। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने बस के चालक शकील, परिचालक सुहेल और सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकाया। आरोपियों ने कहा कि उन्होंने बस मालिक से प्रतिमाह ₹50,000 की मांग की थी और रकम नहीं मिलने पर उसे सबक सिखाया गया। भविष्य में मांग पूरी न होने पर बस में आग लगाने और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी तक दी। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया।























