
जीजा ने प्रॉपर्टी के लिए की अपने साले की हत्या, जीजा समेत दो गिरफ्तार
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव रजापुर के पास स्याना बॉर्डर पर मंगलवार की सुबह बुलंदशहर के जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव करौजी निवासी 25 वर्षीय शिवकुमार का शव सूखे नाले में पड़ा था। पास ही उसकी मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की थी। पुलिस ने गहन जांच पड़ताल की तो पता चला की मृतक के जीजा ने ही संपत्ति के कारण अपनी पत्नी के सगे भाई की हत्या कर दी। इस वारदात में उसके मित्र ने उसका साथ दिया। पुलिस ने मामले में जीजा समेत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम 28 वर्षीय विनय कुमार नागर पुत्र सुरेंद् नागर उर्फ सल्लू तथा 30 वर्षीय उदयवीर उर्फ उदेश गुर्जर पुत्र रामचंद्र सिंह निवासीगण गांव गोहरा आलमगीरपुर थाना बाबूगढ़ जनपद हापुड़ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, एक तमंचा व तीन जिंदा कारतूस बरामद की हैं।
पूछताछ में विनय ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी मृतक शिव कुमार की बहन दीपांजलि उर्फ कुल्लन से हुई थी। आरोपी के अनुसार उसने अपनी तीन बीघा जमीन को छोटे भाई निकुंज को 4 वर्ष के लिए ठेके पर दे दिया था जो रुपए मिले वह उसने खाने-पीने में खर्च कर दिए। ऐसे में उसे रुपयों की जरूरत पड़ी तो उसकी नजर ससुर की 16/17 बीघा जमीन पर पड़ी जो गंगा एक्सप्रेसवे के पास है। आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी दो बहन और एक भाई हैं। जमीन को हड़पने के उद्देश्य से उसने शिवकुमार को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और इस षड्यंत्र में उसके घनिष्ठ मित्र उदेश ने उसका साथ दिया।
पुलिस के शिकंजे से बचने के लिए दोनों अपने मोबाइल को घर पर ही छोड़ आए और एक युवक से फोन मांग कर शिवकुमार को फोन कर बुलाया। जब शिवकुमार अपनी बुलेट पर सवार होकर पहुंचा तो शिवकुमार ने दौलतपुर शराब के ठेके से शराब खरीदी और तीनों ने शराब पी। इसके बाद रात में फिर शराब पी। आरोपियों ने बताया कि प्लान के तहत उन्होंने शराब कम पी और शिव कुमार को अत्यधिक शराब पिलाई। जब शिवकुमार नशे में हो गया तो उन्होंने मौका देखकर उसकी हत्या कर दी। वह शौच के लिए रुके तो विनय ने अपने साले के गले में पड़े गमछे से गला कस दिया और उसके साथी उदेश ने पैर पकड़ लिए। हत्या कर शव को सूखे नाले में फेंक कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घुटनों के दर्द, स्लिप डिस्क से परेशान तो आधुनिक मशीनों द्वारा कराएं फिजियोथैरेपी: 7417230216

























