
पोषण पखवाड़ा पर निकाली जागरूकता रैली
हापुड़,सूवि(ehapurnews.com):जनपद हापुड़ में सोमवार 13 अप्रैल 2026 को 8वें पोषण पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत आमजन को जागरूक करने हेतु रैली का आयोजन किया गया। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं 06 माह पूर्ण कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन कार्यक्रम भी संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर जनपद एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा इस वर्ष की थीम “जीवन के पहले छह वर्षों में मस्तिष्क के विकास को अधिकतम करना” के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उपस्थित लाभार्थियों को बच्चों के समुचित पोषण, प्रारंभिक देखभाल एवं समग्र विकास के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।साथ ही 09 अप्रैल 2026 से 23 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों के प्रभावी संचालन एवं उनकी समयबद्ध फीडिंग पोर्टल पर सुनिश्चित करने के संबंध में समीक्षा की गई। अधिकारियों द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी गतिविधियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएं तथा उनकी प्रगति नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड की जाए।
जनजागरूकता बढ़ाने हेतु आयोजित रैली में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं अन्य प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से पोषण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति आमजन को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन संबंधित विभागों के समन्वय से संपन्न हुआ तथा सभी प्रतिभागियों ने पोषण संबंधी संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
D’Pizza शॉप: हर शुक्रवार एक पिज़्ज़ा के साथ एक पिज्जा FREE: 8171178264


























