हापुड़, सीमन( ):मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को हापुड़ के जिलाधिकारी अनुज सिंह से मुलाकात कर जनपद हापुड़ में ऑक्सीजन आपूर्ति की व्यवस्था तथा कोरोना संक्रमित मरीजों को भर्ती किये जाने आदि विषयों पर चर्चा की। सांसद राजेन्द्र अग्रवाल व हापुड़ के विधायक विजयपाल ने जिला अस्पताल पर पी.एम. केयर फण्ड से लगाये जा रहे ऑक्सीजन जनरेटर की प्रगति सहित जनपद के विभिन्न अस्पतालों में ऑक्सीजन की आपूर्ति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। प्रतिनिधिमंडल ने जिले के विभिन्न अस्पतालों में मरीजों को हो रही परेशानी के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि इस संकट के समय में सभी को मिलजुलकर प्रयास करने की आवश्यकता है तथा बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाना चाहिए। किसी भी मरीज को चिकित्सा सुविधाओं में कोई कोताही नहीं बरती जानी चाहिए। जिलाधिकारी अनुज सिंह ने इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा किये जा रहे प्रयासों से अवगत कराते हुए विश्वास दिलाया कि जनपद में किसी भी मरीज को कोई असुविधा न हो, इसका जिला प्रशासन पूरा ध्यान रखेगा।
प्रतिनिधिमंडल में भाजपा जिलाध्यक्ष उमेश राणा, नगर पालिका परिषद हापुड़ के अध्यक्ष प्रफुल्ल सारस्वत, राजीव अग्रवाल आदि उपस्थित थे।





























