
राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने चलाया सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) द्वितीय इकाई, के.डी. कॉलेज, सिंभावली (हापुड़) द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर (दिन-रात) का पाँचवाँ दिन अत्यंत सफलतापूर्वक एवं उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने समाज सेवा, अनुशासन एवं जन-जागरूकता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रेरणादायक गीत के साथ किया गया, जिससे पूरे वातावरण में ऊर्जा, सकारात्मकता एवं उत्साह का संचार हुआ। इसके पश्चात प्रथम सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में मनोज कुमार, सब इंस्पेक्टर, यातायात पुलिस, हापुड़ उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं को सड़क सुरक्षा के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण जैसे तेज गति, लापरवाही, हेल्मेट व सीट बेल्ट का उपयोग न करना आदि हैं, जिनसे बचाव हेतु जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कुँवर ज़ीशान खान ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क पर चलते समय सतर्कता, यातायात नियमों का पालन, रिफ्लेक्टर का उपयोग तथा वाहन की नियंत्रित गति जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सभी से यह संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे स्वयं भी नियमों का पालन करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
भोजनावकाश के पश्चात द्वितीय सत्र में स्वयंसेवकों द्वारा सड़क सुरक्षा विषय पर आकर्षक, सृजनात्मक एवं जागरूकता से परिपूर्ण पोस्टर तैयार किए गए। इन पोस्टरों के माध्यम से समाज को महत्वपूर्ण संदेश देने का प्रयास किया गया। इसके उपरांत पूरे ग्राम में सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने नारे लगाते हुए लोगों को जागरूक किया तथा वाहन चालकों को रोककर हेल्मेट पहनने एवं सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया।
इसके अतिरिक्त स्वयंसेवकों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिखैड़ा (हापुड़) में स्वच्छता अभियान चलाते हुए श्रमदान किया। उन्होंने ग्राम की गलियों एवं सार्वजनिक स्थलों, जैसे राजकीय इंटर कॉलेज सिखैड़ा के मुख्य द्वार पर सफाई कर स्वच्छता का संदेश भी दिया।
स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर ग्रामवासियों से संवाद स्थापित किया तथा सड़क दुर्घटनाओं के कारण होने वाली मृत्यु एवं उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अभियान के माध्यम से लोगों में जागरूकता लाने का सार्थक प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ. गोविन्द पांडे ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान ग्राम के अनेक गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। सभी ने इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068

































