
इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी की निर्मम हत्या से सनसनी
हापुड़, सीमन /अमित कुमार(ehapurnews.com): थाना बाबूगढ़ के अंतर्गत एक व्यापारी की धारदार हथियार से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी और हत्यारे फरार हो गए। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। यह हत्या बछलौता रोड पर बने एक गोदाम की प्रथम मंजिल पर बुधवार की रात में किसी वक्त की गई। मृतक की पहचान गांव अयादनगर के शीशरामपाल के बेटे विनोद कुमार के रूप में की गई है।
पुलिस के अनुसार गांव अयाद नगर के विनोद कुमार कस्बा बाबूगढ़ के बछलौता रोड पर अभय इलेक्ट्रॉनिक के नाम से इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की बिक्री करता था और साथ ही उपभोक्ताओं को फाइनेंस सुविधा भी उपलब्ध थी। वह बुधवार की रात को प्रतिष्ठा की प्रथम मंजिल पर बने कमरे में सो गया। रात में किसी वक्त किन्ही ने धारदार हथियार से विनोद कुमार की गला काटकर हत्या कर दी। किसी ने मृतक के फोन से ही परिवार को सूचित किया कि आज दुकान नहीं खुलेगी।
इस सूचना के बाद परिवारजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने विनोद का खून से लथपथ शव देखकर पुलिस को सूचना दी। इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी की हत्या की खबर गांव अयाद नगर व बाबूगढ़ में आग की तरह फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानेन्जय सिंह व पुलिस क्षेत्राधिकारी वरुण मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल के चप्पे-चप्पे का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस स्वाट टीम व फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि व्यापारी की हत्या का जल्दी ही खुलासा किया जाएगा। पुलिस टीम सीसीटीवी कैमरे खंगालने के साथ ही हथियारों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068


























