
हापुड़, सीमन / रियाज अहमद (ehapurnews.com): हापुड़ जनपद के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार छिजारसी टोल के कट के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही छिजारसी चौकी प्रभारी विवेक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल राम हॉस्पिटल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान बाइक चालक अंकुर कांटीवाल पुत्र सुरेंद्र कांटीवाल, निवासी छिजारसी की मौत हो गई। अंकुर की उम्र लगभग 28 वर्ष थी उसके दो छोटे-छोटे बच्चे थे 3 महीने का और एक-तीन साल का बेटा है अंकुर राम हॉस्पिटल में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था बताया जा रहा है कि अंकुर होली खेलने के लिए पिलखुवा की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
दूसरे घायल युवक की हालत भी बेहद नाजुक बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। पुलिस उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।
वहीं, कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन एक युवक को बचाया नहीं जा सका। मामले में आगे की विधिवत कार्रवाई की जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।























