
पिलखुवा: बस स्टैंड व गांधी बाजार में अतिक्रमण पर कार्रवाई
हापुड़, सीमन/ रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा में अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका का बुलडोजर गरजा जिससे अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया। नगर पालिका परिषद पिलखुवा द्वारा बुधवार को अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई बस स्टैंड और गांधी बाजार क्षेत्र में की गई, जहां सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को नगर पालिका के बुलडोजर की मदद से हटवाया गया।
गौरतलब है कि पिलखुवा में अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे आमजन और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया। अतिक्रमणकारियों को तत्काल प्रभाव से कब्जा हटाने के निर्देश दिए। नगर पालिका का बुलडोजर चलते ही अवैध अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया और कई लोगों ने आनन-फानन में अपना सामान हटाना शुरू कर दिया। इस दौरान कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
इस संबंध में नगर पालिका के अधिकारी योगेंद्रपाल सिंह ने कहा, “नगर क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण के कारण शहर में जाम और अव्यवस्था की समस्या बढ़ रही थी, जिसे समाप्त करने के लिए यह अभियान चलाया गया है। यदि भविष्य में किसी ने दोबारा अतिक्रमण किया तो उसके खिलाफ चालान कर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
99 स्टोर मिनी मॉल से खरीदें पांच किलो के ग़ुलाल का पैकेट 99 रूपए में: 8191820867




























