
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): बेसिक शिक्षा विभाग लखनऊ द्वारा जारी दिशा निर्देशों के क्रम में एवं जिला अधिकारी, अभिषेक पांडे के कुशल मार्गदर्शन में जनपद हापुड़ की के जी बी वी की छात्राओं हेतु एक शैक्षिक एक्सपोजर विजिट का सफल आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय धौलाना व विकास क्षेत्र गढ़मुक्तेश्वर ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को नेहरू तारामंडल एवम् प्रधानमंत्री संग्रहालय का भ्रमण करवाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी महोदया द्वारा हरी झंडी दिखाकर छात्राओं से भरी बसों को रवाना किया गया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की शैक्षिक भ्रमण बालिकाओं के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास वृद्धि तथा राष्ट्रीय धरोहरों के प्रति जागरूकता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
एक्सपोजर विजिट के दौरान छात्राओं ने नेहरू तारामंडल तथा प्रधानमंत्री संग्रहालय का भ्रमण कर सौरमंडल के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा प्रधानमंत्री संग्रहालय की ऐतिहासिक धरोहर की भी जानकारी प्राप्त की।
इस भ्रमण से छात्राओं ने देश की सौरमंडल की संरचना, पृथ्वी का निर्माण, देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, राष्ट्रीय संस्थानों एवं उनके महत्व का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ।
बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा छात्राओं के आवागमन, भोजन एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। जिला प्रशासन के समन्वय से पुलिस विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी सभी आवश्यक प्रबंध किए गए, जिससे यात्रा पूर्णतः सुरक्षित एवं व्यवस्थित रही।
यह कार्यक्रम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रीतू तोमर के नेतृत्व में संपन्न हुआ। उनके निर्देशन में संपूर्ण आयोजन सुव्यवस्थित रूप से संपादित किया गया।
इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी पंकज चतुर्वेदी, जिला व्यायाम शिक्षक मनप्रीत खैरा ,प्रवीण शर्मा, भारत शर्मा, सोहनवीर सिंह, भावना शर्मा, राजेंद्र यादव, अनुज शर्मा सहित संबंधित विद्यालयों का समस्त शिक्षण एवं सहायक स्टाफ उपस्थित रहा और छात्राओं के मार्गदर्शन एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाई।
इस शैक्षिक भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को कक्षा-कक्ष से बाहर व्यावहारिक एवं प्रेरणादायक अनुभव प्रदान करना, उनमें राष्ट्रीय चेतना का विकास करना था। कार्यक्रम की सफलता में सभी विभागों के समन्वित प्रयास सराहनीय रहे।
























