
नाले में मजदूर का शव मिलने से मची सनसनी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के धौलाना क्षेत्र के मसूरी-गुलावठी रोड पर स्थित औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को एक मजदूर का शव हसनपुर नाले से बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान 58 वर्षीय रामधारी प्रसाद निवासी छपरा बिहार के रूप में की। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
रामधारी प्रसाद औद्योगिक क्षेत्र की एक साइकिल निर्माण फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। वह अपने परिवार के साथ लाल कुआं में किराए के मकान में रहते थे। परिजनों ने बताया कि रामधारी प्रसाद 1 फरवरी को प्रतिदिन की तरह फैक्ट्री जाने के लिए घर से निकले थे। देर शाम तक घर न लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई तो पता चला कि वह फैक्ट्री पहुंचे ही नहीं थे। छह दिन बाद शुक्रवार को उनका शव नाले में मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गाय व भैंस के दूध का शुद्ध घी खरीदने के लिए संपर्क करें: 9068607739
























