
हापुड़, सीमन / संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद के थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने गांव मोहम्मदपुर रुस्तमपुर में महिला की हत्या की घटना में लिप्त हत्यारोपी पति समेत तीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल दो चाकू भी बरामद किए हैं। योजनाबद्ध तरीके से महिला रीता शर्मा की हत्या को अंजाम दिया गया।
पति ने दोस्तों संग की हत्या:
शुक्रवार को मामले के खुलासे के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि 2 फरवरी की राहुल शर्मा की पत्नी रीता शर्मा की गला रेत कर, मुंह दबाकर हत्या की गई थी। पुलिस ने मामले में पति राहुल शर्मा को गिरफ्तार किया और सख्ती से पूछताछ की तो आरोपियों ने असलियत उगल दी। राहुल ने बताया कि उसकी पत्नी से अक्सर उसका विवाद होता। महिला की बीमारी में भी रुपया खर्च हो रहा था। ऐसे में अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती। इसके चलते राहुल ने अपनी ही पत्नी की हत्या की साजिश रची। उसने प्लास्टिक के कारोबार में काम करने वाले गांव के शेर अली उर्फ शेरा और फिरोज के साथ मिलकर हत्या की प्लानिंग की। तीनों ने योजनाबद्ध तरीके से 2 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे कंबल से रीता का गला व मुंह दबाकर, चाकू से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या करने के बाद हत्यारोपी पति अपने बचाव के लिए गांव नानई पहुंचा और वहां फोटो खिंचवाकर अपनी मोटरसाइकिल से दूसरी दुकान चांदपुर (बिजनौर) में जाकर सो गया। तीन फरवरी की सुबह करीब 4:00 बजे घर के लिए चला और घर आकर उसने लूट व रीता की हत्या की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने मामले का खुलासा किया। पुलिस ने पति राहुल को बलवापुर के पास से, शेर अली व फिरोज को बम्बे के पास से गिरफ्तार किया जिनके कब्जे से पुलिस ने दो आला-कत्ल चाकू भी बरामद किए हैं।























