
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हनुमानगढ़ के महंत राजू दास जी महाराज हापुड़ की दिल्ली रोड पर स्थित श्री बालाजी धाम पहुंचे जहां सर्वप्रथम उन्होंने बालाजी महाराज का आशीर्वाद लिया और मंदिर भ्रमण किया। इसके पश्चात वह मंदिर परिसर में संचालित विद्यालय में पहुंचे और छात्रों से भेंट कर सनातन पर चर्चा की। इस अवसर पर मंदिर के पीठाधीश्वर स्वामी यशवर्धनाचार्य जी महाराज ने राजू दास जी महाराज का फूल माला, पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया जहां दोनों में सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार को लेकर विचार विमर्श हुआ।
हापुड़ की दिल्ली रोड पर अच्छेजा पुल पर स्थित श्री बालाजी धाम पहुंचे हनुमानगढ़ के महंत राजू दास जी महाराज का बालाजी धाम के संस्थापक अशोक आचार्य जी महाराज, पीठाधीश्वर यशवर्धन आचार्य जी महाराज ने स्वागत किया। राजू दास जी महाराज ने मंदिर पहुंचते ही कहा कि मंदिर में प्रवेश करते ही सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। मंदिर में पहुंचकर श्री बालाजी, प्रेतराज सरकार, भैरव बाबा, राम दरबार, शिव परिवार, नौ देवियां, नवग्रह के दर्शन करने के पश्चात उन्होंने विद्यालय में छात्रों से भेंट की और उन्हें आशीर्वाद दिया।























