
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): सड़क सुरक्षा माह के समापन पर सोमवार कॅ शरेम इनविट एसपीवी फ्रीडमपॉइंट एक्सप्रेसवे प्रा. लि. द्वारा जेपी पब्लिक स्कूल, हाफिजपुर में सड़क सुरक्षा जागरूकता पर एक क्विज प्रतियोगिता एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सुरक्षित सड़क व्यवहार तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका के प्रति जागरूक करना था।इस प्रतियोगिता में बच्चों ने ट्रैफिक रूल के पालन करने को लेकर चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम का आयोजन श्री अमित प्रणव, परियोजना निदेशक (एनएचएआई), श्री संदीप कुमार, उप प्रबंधक (तकनीकी), श्री के.के. सिंह, टीम लीडर (LASA) एवं श्री देवेंद्र शिवहरे, आरई (LASA) के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री रोहित पांडेय, परियोजना प्रबंधक एवं श्री वैभव त्रिपाठी, मेंटेनेंस मैनेजर के नेतृत्व में श्री पंकज तिवारी, श्री नयन चावला, श्री विजय त्रिपाठी, श्री सौरभ सिंह, श्री निर्मल पांडेय, श्री शाहरुख खान, श्री संतोष कुमार एवं समस्त परियोजना टीम द्वारा किया गया, जिन्होंने सभी व्यवस्थाओं का कुशलतापूर्वक समन्वय किया।
इस अवसर पर जेपी पब्लिक स्कूल के निदेशक नितिश चट्ठा तथा नवादा गांव, हाफिजपुर के प्रधान कमल सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उन्हें यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि ट्रैफिक रूल के पालन करने मे ही सभी की भलाई है।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा सड़क सुरक्षा विषयों पर अपनी रचनात्मकता एवं ज्ञान का प्रदर्शन किया। पोस्टर एवं क्विज के माध्यम से विद्यार्थियों ने हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव, यातायात संकेतों का पालन तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपायों को प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार एवं साइकिलें वितरित की गईं, जिससे सुरक्षित एवं सतत यातायात को प्रोत्साहन मिल सके। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा उन्हें अपने परिवार और समाज में सड़क सुरक्षा के संदेशवाहक के रूप में प्रेरित करना था।
विद्यालय प्रशासन ने एनएच-334 शरेम इनविट टीम के इस सराहनीय एवं जागरूकता पूर्ण प्रयास की प्रशंसा की।























