
हापुड़, सीमन / संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के हाईवे पर सोमवार को हुई खल चूरी के व्यापारी गोपाल के मुनीम अजय पाल के साथ हुई 85 लाख रुपये की बड़ी लूट के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। वारदात के खुलासे के लिए पुलिस ने संदिग्ध बदमाशों के पोस्टर जारी करते हुए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। लूट की इस सनसनीखेज घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए हापुड़ पुलिस ने कई जिलों में टीमें भेज दी हैं, जो लगातार दबिश दे रही हैं। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से बदमाशों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा। पोस्टर जारी होने के बाद आमजन से भी अपील की गई है कि यदि किसी को बदमाशों के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।हाईवे पर दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, पुलिस का दावा है कि बदमाश ज्यादा दिन कानून की पकड़ से बाहर नहीं रहेंगे और जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।
































