
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): हापुड़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-दो पर पहुंची ट्रेन संख्या 14018 जैसे ही अपनी मंजिल की ओर आगे बढ़ी तो कुछ यात्रियों ने ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इसी बीच एक बुजुर्ग महिला प्लेटफार्म पर गिरकर प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच में आ गई। इसके बाद यात्रियों ने चेन पुलिंग की और बुजुर्ग महिला को बाहर निकाला जिसके दोनों पैरों पर चोट आई थी। पेट पर भी रगड़ के निशान थे। प्राथमिक उपचार के बाद घायल यात्री के परिजन बुजुर्ग महिला को अपने साथ ले गए। इस दौरान ट्रेन करीब तीन मिनट की देरी से चली।
मामला बुधवार का बताया जा रहा है जब ट्रेन संख्या 14018 हापुड़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची। आरपीएफ प्रभारी राकेश यादव ने बताया कि कांस्टेबल राम खिलाड़ी मीणा एवं महिला कांस्टेबल मधुबाला ट्रेन पास करा रहे थे। निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन जब आगे बढ़ने लगी तो 66 वर्षीय फूलवती पत्नी बैरागी यादव निवासी संजय नगर मेरठ अन्य यात्रियों के साथ चलती ट्रेन में चढ़ने लगी। इस दौरान महिला का बैलेंस बिगड़ गया और वह प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच में गिरकर फंस गई। यात्रियों ने चेन पुलिंग की जिसके बाद ट्रेन को रोका गया। आरपीएफ ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बुजुर्ग महिला को बाहर निकाला जिसके पैरों में चोट और पेट पर रगड़ के निशान थे। प्राथमिक उपचार के बाद फूलवती के परिजन उसे अपने साथ ले गए। इस दौरान उसके साथ पति बैरागी यादव, बेटा अजय यादव भी मौजूद थे। इस दौरान ट्रेन करीब 3 मिनट की देरी से चली।
मेरठ स्वीट्स से बनवाएं स्पेशल भाजी बॉक्स: 9897693627































