
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़ बार एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक अध्यक्ष संजय कंसल एवं सचिव वीरेन्द्र सैनी के संचालन में आहूत की गई। बैठक में अधिवक्ताओं द्वारा यह विषय प्रमुखता से उठाया गया कि धौलाना क्षेत्र के भरण-पोषण से संबंधित विचाराधीन वादों को परिवार न्यायालय हापुड़ से ग्राम न्यायालय धौलाना में स्थानांतरित करने एवं नया दायरा का क्षेत्राधिकार ग्राम न्यायालय धौलाना को दिए जाने का प्रबल विरोध किया जाता है।
इस विषय पर अधिवक्ता पंकज सोती, पुरुषोत्तम वर्मा, ठाकुर गजेन्द्र चौहान, शिवमंगल लाल, नरेंद्र मान, अजीत चौधरी, अनिल आज़ाद, परवेज़ खान, भोपाल शिशोदिया आदि ने अपने सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए।
अध्यक्ष संजय कंसल ने कहा कि ग्राम न्यायालय धौलाना का इन्फ्रास्ट्रक्चर इतना सुदृढ़ नहीं है कि वहाँ महिलाओं से संबंधित मुकदमों का संचालन सुचारू रूप से हो सके। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा की दृष्टि से भी इस प्रकार का स्थानांतरण उचित नहीं है।
सचिव वीरेन्द्र सैनी ने कहा कि वर्तमान समय में ग्राम न्यायालय धौलाना तक पहुँचने के लिए वादकारियों हेतु पर्याप्त वाहन व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। यदि वादों का स्थानांतरण किया गया तो यह वादकारियों को न्याय दिलाने के उद्देश्य के विपरीत होगा। अतः इस प्रकार का स्थानांतरण तुरंत रोका जाना आवश्यक है।
बैठक में अधिवक्ता अनिल शिशोदिया, तेजवीर सिंह, रविन्द्र निमेष, सुभाष त्यागी, मुकेश त्यागी, कुलदीप तोमर, उज्जवल कंसल, दिनेश कुमार, रवि कुमार, मोहित त्यागी, सुधांशु दत्त शर्मा आदि उपस्थित रहे।
सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि धौलाना क्षेत्र से संबंधित भरण-पोषण के विचाराधीन वादों का परिवार न्यायालय हापुड़ से ग्राम न्यायालय धौलाना में स्थानांतरण रोका जाए तथा ग्राम न्यायालय धौलाना को नया दायरा क्षेत्राधिकार न दिया जाए।
हापुड़: ग्लोब एजेंसीज दिल्ली रोड से छूट व एक्सचेंज ऑफर के साथ खरीदे वाहन: 9289923209


































